पिता ने 10 माह के बेटे को जमीन पर पटककर उतारा मौत के घाट
अलीगढ़। थाना टप्पल थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर में एक युवक ने शराब पीने को लेकर हुए पत्नी से विवाद में 10 माह के बच्चे को जमीन पर पटककर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पिता घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
शराब को लेकर हुआ पति-पत्नी में विवाद
जानकारी के अनुसार पूरन उर्फ रवि पुत्र करण सिंह शुक्रवार रात्रि में नशे की हालत में घर पर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसका पत्नी खुशबू से विवाद हो गया। दोनों में विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी पूरन ने चारपाई पर सो रहे अपने 10 माह के बेटे लवकुश को उठाकर घर से बाहर खरंजे पर पटक दिया। जिसमे बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आईं।
परिजन बच्चे को उपचार को हामीदपुर स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया। घर पहुंचने के बाद बच्चे की तबियत फिर से बिगड़ने लगी। जिस पर शनिवार को परिजन बच्चे को उपचार के लिए दिल्ली लेकर जाने लगे तभी लवकुश ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
परिजन बच्चे का अंतिम संस्कार को ले जाने लगे, तभी किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं आरोपी पूरन मौके से फरार हो गया।
सीओ खैर राजीव द्विवेदी ने बताया कि पति- पत्नी के बीच विवाद हुआ था। जिसमें दुर्घटनावश बच्चा जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही परिजनों की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।