गभाना क्षेत्र में टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक की हुई मौत
गभाना। क्षेत्र गांव कन्होई पर को शनिवार को टेंपो की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार युवक की उपचार दौरान मौत हो गई। जबकि उसके साथी का उपचार जारी है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में हाहाकार मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना गांधीपार्क की दमोदर कॉलोनी प्रीमियम नगर निवासी 23 वर्षीय शुभम वार्ष्णेय पुत्र प्रमोद गुप्ता शनिवार दोपहर में अपने साथी प्रबल कुमार निवासी महावीरगंज थाना देहलीगेट के साथ बाइक से किसी काम से गभाना आ रहे थे।
जैसे ही वह जीटी रोड पर गांव कन्होई के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे लोडर टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार दोनो दोस्त गंभीर से घायल हो गए थे।
सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायलों को एबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहाँ पर शुभम की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान शुभम की मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक शुभम परिवार का इकलौता बेटा था। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौप दिया है।
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।