कार की टक्कर से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, दो लोगों की मौत
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़-मथुरा रोड पर ताऊ बाग के समीप कार की टक्कर से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें दो लोगों की उपचार को लेकर जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई।
गांव कांडली निवासी सोहन सिंह पुत्र केहरी सिंह शुक्रवार की देर शाम को खेती का कार्य करके ट्रैक्टर से गांव नगला हीरा निवासी साथी सुंदर पुत्र गोपीराम व भोला पुत्र सूरजपाल के साथ घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर ताऊ बाग के समीप पहुंचे। तभी पीछे से तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौके पर एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को ट्रैक्टर से नीचे निकाल कर उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही सोहन सिंह व सुंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि भोला का उपचार जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में मृतक के सोहन के भाई बनवारी लाल कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन


