एसडीएम ने मतदाता सूची कार्य में शिथिलता बरतने पर चार बीएलओ का वेतन रोकने के दिए निर्देश
- खंड शिक्षा अधिकारी चंडौस के खिलाफ भी एडीएम को भेजी रिपोर्ट
गभाना। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में रूचि न लेने व लापरवाही करने पर एसडीएम ने चार बीएलओ का वेतन रोकने का निर्देश जारी किया है। वहीं एक बीएलओ व सुपरवाइजर को चेतावनी जारी की है। खंड शिक्षा अधिकारी चंडौस द्वारा भी में कार्य में रूचि न लेने व बैठकों में अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई के लिए एडीएम प्रशासन को रिपोर्ट भेजी है।
एसडीएम हीरालाल सैनी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य काे लेकर गुरुवार को गभाना प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में बीएलओ व सुपरबाइजरों के साथ कार्यों की समीक्षा की गई।
इस दौरान गभाना के बूथ नंबर 69 की बीएलओ शिखा, बूथ नंबर 70 के बीएलओ तरूण कुमार, 71 के बीएलओ भ्रगुनाथ तथा बूथ नंबर 72 के पीयूष मिश्रा का कार्य खराब पाए जाने व कार्य में रूचि न लेने पर वेतन रोकने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी चंडौस को दिए गए हैं।
वही बूथ नंबर 68 की बीएलओ मंजूलता द्वारा 80 से अधिक मतदाताओं का सत्यापन ठीक से नहीं करने व सुपरवाइजर को कार्य में शिथिलता बरतने पर चेतावनी जारी की गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में कार्यरत खंड शिक्षा अधिकारी चंडौस सुनील दत्त मुद्गल के कार्य में रूचि न लेने व समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ उप निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है।
एसडीएम ने बताया कि विधानसभा में 22 बूथ चिन्हित किए गए हैं जिसकी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में प्रगति बहुत ही खबरों है। जिन्हें सुधारने के लिए सात रिव्यू कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें कानून गो, दो लेखपाल, दो संग्रह अमीन, ग्राम प्रधान, राशन डीलर, सुपरबाइजर व पदाभिहीत अधिकारी को शामिल किया गया है। जो कि दो दिन के अंदर मतदाताओं के साथ बैठक कर उन्हें जागरूक करेंगे। इस दौरान बीएलओ के कार्यों का भी मतदाताओं और सभ्रांत नागरिकों से फीडबैक लेंगे।
एसडीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नायब तहसीलदार अजेंद्र तौमर, लेखपाल मुकेश चौधरी, सभासद भुवनेश गोयल, कामिनी सुमन, सतपाल सुमन, सुरेश वर्मा डीलर समेत बीएलओ मौजूद रहे।
विज्ञापन
