चूहरपुर में घर से चोरी कर भाग रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस ने भेजा जेल
गभाना। क्षेत्र के गांव चूहरपुर में शुक्रवार देर रात में घर से चोरी कर भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव चूहरपुर निवासी प्रवीन शर्मा ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि शुक्रवार रात को वह अपने चाचा हरिमोहन व अन्य परिजनों के साथ घर में सो रहा था। देर रात में करीब एक बजे घर में कुछ आहट सुनाई दी। जिस पर उसने परिजनों को जगा दिया तथा लाइट जलाकर देखा तो एक युवक हाथों में डंडा लेकर चाचा की टंगी हुई पेंट की जेब से पर्स निकाल रहा था।
जिस पर उसने शोर मचाते हुए पकड़ने का प्रयास किया। युवक उसकी कमर में डंडा मारकर भागने लगा। इसी बीच वह फिसलकर गिरकर घायल हो गया। शाेर-शराबा सुनकर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए और उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी पहचान आयुष उर्फ बबलू निवासी पैराई के रूप में कर ली।
आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 7 हजार रुपये भी बरामद हो गए। ग्रामीण आरोपी को पकड़कर थाने ले आए और पुलिस को सौंप दिया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
