रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना तहसील में डीएम-एसएसपी ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

गभाना। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम में डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसएसपी कलानिधि नैथानी पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण कराया।

कार्यक्रम में डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण के साथ ही विभागीय लक्ष्यों को पूर्ण करने की ओर भी अपना ध्यान केंद्रित करें। आगामी वर्ष में कभी भी लोकसभा निर्वाचन की घोषणा हो सकती है, ऐसे में पात्रों के चिन्हांकन एवं विभिन्न योजनाओं में प्राप्त आवेदनों का त्वरित गति से निस्तारण सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा आपके लक्ष्यों को पूर्ण करने का सुनहरा अवसर है। संकल्प यात्रा के दौरान अधिक से अधिक पात्रों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।

कार्यक्रम में गांव ऊमरी निवासी जगजीत सिंह ने दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके जीवित रहते हुए ही बेटा अजित ने राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से उसे मृत दिखाकर अपने नाम फौती करा ली है। जिस पर डीएम ने एसडीएम हीरालाल सैनी को पूरे मामले की जांच कर तत्काल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिये। जवां ब्लॉक के लहटोई स्थित कंपोजिट स्कूल के प्रधानाध्यापक गुलाब सिंह ने बताया कि स्कूल में दो कमरों का निर्माण कार्य वर्ष 2022-23 में स्वीकृत हुआ जबकि अब वर्ष 2023-24 भी समाप्ति की ओर है लेकिन कमरों का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया है। स्कूल में आठ कक्षाएं संचालित हैं जबकि पांच ही कमरे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान पड़ रहा है। ब्लॉक लोधा ग्राम चंदरौला निवासी रघुराज सिंह ने ग्राम प्रधान एवं सचिव की शिकायत करते हुए बताया कि दोनों ने मिलीभगत से मनरेगा मजदूरों की 14 लाख 52 हजार 360 रूपये की धनराशि फर्जी तरीके से निकाल ली है और इन्होंने 60 मनरेगा जॉब कार्ड भी अपात्र लोगों के बना रखे हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम ने डीसी मनरेगा को प्रकरण की पारदर्शी तरीके से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गरीबों और पात्रों को मिलने वाले पैसे का बंदरवाट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की स्पष्ट नीति है कि गॉव, गरीब, किसान एवं मजदूरों को शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर उन्हें मुख्य धारा में लाया जाए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 64 शिकायतें आईं, जिसमें से मौके पर 12 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया।

कार्यक्रम में सीएमओ डाॅ. नीरज त्यागी, डीडीओ आलोक आर्य, डीसी एनआरएलएम दीनदयाल वर्मा, एसडीएम हीरालाला सैनी, सीओ गभाना आरके सिसौदिया, नायब तहसीलदार अजेंद्र तौमर, प्रिया गर्ग, ईओ गभाना अनामिका सिंह, बीडीओ चंडौस राहुल वर्मा, पूर्ति निरीक्षक शिवकुमार त्यागी समेत जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!