अभी सूखी नहीं थी हाथों की मेंहदी, हादसे में उजड़ गया सुहाग
- छह दिन पूर्व हुई थी शादी, दोस्तों के साथ बाइक से पार्टी देने आ रहा था अतरौली
अतरौली। कस्बा में अबंतीबाई डिग्री कॉलेज के सामने रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गए, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की छह दिन पूर्व ही शादी हुई थी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसर गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव राजमार्गपुर निवासी धर्मपाल सिंह के 22 वर्षीय बेटा कृष्णा कुमार की छह दिन पूर्व इलाहाबाद के गांव केसरिया बाजिदपुर से शादी हुई थी। बुधवार को कृष्णा के ससुरालीजन पत्नी को लेने के लिए आने वाले थे। परिवार में खुशी का माहौल था।
मंगलवार को कृष्णा अपने गांव के ही दोस्त सुमित पुत्र शिशुपाल सिंह व शेखर पुत्र राकेश को शादी की पार्टी देने के लिए एक ही बाइक से कस्बा अतरौली आ रहे थे। जैसे ही वह कस्बा में अवंतीबाई राजकीय महाविद्यालय के पास पहुंचे तभी सामने से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक कृष्णा का फाइल फोटो
हादसे में कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को कस्बा स्थित सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक कृष्णा का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। जानकारी पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य केपी सिंह मिस्त्री समेत तमाम लोगों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक में डूबे परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया।
नव नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल
नव नवेली दुल्हन के हाथों की मेंहदी का रंग अभी उतरा भी नही था। शादी के बाद कितने अरमान पाल रखे दुल्हन ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उसके जीवन के सबसे सुनहरे दिन कुछ समय के लिए होंगे। महज छह दिन में ही उसका पति से साथ छूट जाएगा। नव विवाहित को जैसे ही पति की हादसे में मौत की सूचना मिली, वैसे ही उसके ऊपर गमों का पहाड़ टूट गया। नव विवाहित दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
———-
परीक्षा देने आ रहे छात्र की बाइक पेड़ से टकराई, मौत
अतरौली। थाना पाली मुकीमपुर में बिजौली रोड पर परीक्षा देने आ रहे छात्र की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे मे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव उकावली निवासी 20 वर्षीय गनेश कुमार बाइक से नहल स्थित एक डिग्री कालेज में पेपर देने के आ रहा था। जैसे ही वह पालीमुकीमपुर क्षेत्र में बिजौली रोड पर पहुंचा। तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में गनेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर छात्र के परिजन व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।