टोल प्लाजा पर समस्याओं को लेकर भाकियू किसान सेना ने किया प्रदर्शन
गभाना। टोल प्लाजा पर बुधवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर व पदाधिकारियों की गाड़ियां फ्री निकलवाने की मांगों को लेकर भाकियू किसान सेना के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। बाद में टोल प्रबंधन व थाना पुलिस के आश्वासन के बाद वह अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन देकर लौट गए।
भाकियू किसान सेना के जिलाध्यक्ष राहुल यादव व राष्ट्रीय संगठन प्रभारी माेहम्मद शमी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता एकत्रित होकर टोल प्लाजा पर पहुंच गए। इस दौरान वह टोल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि पदाधिकारियों द्वारा कार्ड दिखाने के बाद भी टोलकर्मी गाड़ियों को फ्री नहीं निकालते हैं, बल्कि पदाधिकारियों से अभद्रता करते हैं। इतना ही नहीं स्थानीय किसानों से भी जबरन टोल बसूला जाता है।
किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टोल प्रबंधन के साथ प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया। जिस पर किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित को एक ज्ञापन इंस्पेक्टर व टोल मैनेजर को सौंपा। जिसमें उन्होंने गन्ना का मूल्य 450 प्रति कुंतल, किसान आयोग का गठन कराने, आवारा जानवरों द्वारा किसानों की फसल में होने वाले नुकसान से निजात दिलाने, एमएसपी गारंटी का कानून बनाने, घरेलू बिजली का बिल आधा होने, शिक्षा व चिकित्सा पूर्ण रूप से निशुल्क होने, टोल प्लाजा पर किसानों व पदाधिकारियों के साथ होने वाली अभद्रता पर अंकुश लगाने की प्रमुख मांग रही। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, राष्ट्रीय मंत्री अफरोज खान आदि मौजूद रहे।