गभाना में लुटेरी दुल्हन का मायाजाल, दूल्हे को नशीला दूध पिलाया और लाखों लेकर हुई गायब
गभाना। कस्बा में एक लुटेरी दुल्हन का कारनामा सामने आया है। जिसने पहले तो कोर्ट मैरिज की और फिर सुहागरात के दिन दूल्हे को नशीला दूध पिलाकर गायब हो गई। अपने साथ आरोपी दुल्हन घर में रखा लाखों का सोना और नकदी भी उठा ले गई। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्होंने देखा कि आरोपी दुल्हन घर पर नहीं है। पहले तो परिवार के लोगों ने सोचा कि वह घर में ही कहीं होगी। लेकिन जब पड़ताल की गई तो दुल्हन घर से गायब थी और घर में रखे जेवर और नकदी भी गायब थी। जिसके बाद परिवार के लोगों को सारे षड्यंत्र की जानकारी हुई। अब दुल्हे की मां ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
12 दिसंबर को हुई थी कोर्ट मैरिज
कस्बा गभाना की मधु वर्मा ने बताया कि उनके बेटे विकास की शादी शिवानी पुत्री जसवंत के साथ 12 दिसंबर को हुई थी। परिवार के लोगों ने अलीगढ़ कोर्ट में जाकर दोनों की रजिस्टर्ड मैरिज कराई थी, जिसके बाद जयमाला की रस्म हुई थी। फिर परिवार के लोग उसे घर ले आए थे। घर में रस्म अदायगी के बाद 13 दिसंबर को दूल्हा दुल्हन घर पर थे। शिवानी ने रात में दूध में उनके बेटे को नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। जिसके बाद उनका बेटा गहरी नींद में सो गया। घर के अन्य लोग अपने कमरें में सो रहे थे। जिससे उन्हें कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद आरोपी दुल्हन रुपए लेकर फरार हो गई।
रामपुर की एक महिला ने कराई थी शादी
दुल्हे की मां मधु ने बताया कि यह शादी रामपुर निवासी उर्मिला पत्नी स्व. रमेश चंद्र ने जबरन कराई थी। वह उनके बेटे की शादी के लिए लगातार पीछे पड़ी हुई थी। उन्होंने जब मना कर दिया तो आरोपी महिला ने उनके बेटे विकास को बहला लिया और बेटा को लड़की के जाल में फंसा दिया।
इसके बाद आरोपी महिला ने उनसे शादी कराने के नाम पर 1 लाख रुपए भी मांगे। बेटे की जिद के कारण उन्होंने आरोपी को 1 लाख रुपए 10 दिसंबर को दे दिए। 12 दिसंबर को अलीगढ़ में कोर्ट मैरिज कराई गई, फिर जयमाला कराकर दुल्हन को घर लाया गया। अब आरोपी महिला भी मौके से फरार चल रही है। उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपी दुल्हन शिवानी और बिचौलिया उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।