रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

जमीन की पैमाइश के नाम पर रिश्वत मांगने वाले राजस्व निरीक्षक को भेजा जेल

- किसान की शिकायत पर एंटी करप्शन की टीम ने चाय की दुकान से रिश्वत लेते पकड़ा था रंगेहाथ

अलीगढ़। एंटी करप्शन टीम द्वारा इगलास तहसील में जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर रिश्वत लेते हुए पकड़े गए राजस्व निरीक्षक को शनिवार को पुलिस ने जेल भेज दिया है। एंटी करप्शन की टीम ने राजस्व निरीक्षक को शुक्रवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया था।

यह था पूरा मामला

तहसील इगलास क्षेत्र के गोरई निवासी किसान राजेंद्र सिंह को अपनी जमीन की पैमाइश करानी थी। जिसके आधार पर राजस्व अभिलेखों में सही नपत दर्ज कराना चाहता था। राजस्व निरीक्षक ने उससे तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इस संबंध में पीड़ित किसान ने भ्रष्टाचार निरोधक संगठन (एंटी करप्शन आर्गेनाइजेशन) से थाने पर जाकर राजस्व निरीक्षक की शिकायत की थी। इस पर एंटी करप्शन थाने के प्रभारी देवेंद्र सिंह और उनकी टीम सक्रिय हो गई। उन्होंने अपना जाल बिछाते हुए किसान को रसायन लगे नोट दिए और उन्हें राजस्व निरीक्षक को देने के लिए कहा। कानूनगों ने शुक्रवार दोपहर पीड़ित किसान को तहसील परिसर स्थित एक चाय की दुकान पर बुलाया। जैसे पीड़ित ने रसायन लगे तीन हजार रुपये राजस्व निरीक्षक (कानूनगो )को दिए, तभी एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया। राजस्व निरीक्षक को दिए गए नोटों के नंबर पहले से ही टीम के पास अंकित थे। नोटों का नंबर मिलाने के बाद आगे की कार्रवाई हुई। टीम आरोपी को लेकर सीधे थाना सासनीगेट पहुंची। जहां आरोपी कानूनगो से कड़ी पूछताछ की गई।

शनिवार को पुलिस ने भेजा जेल

एंटी करप्शन थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के अनुसार प्रकरण में पीड़ित की शिकायत पर जांच की गई थी। इसके बाद योजना तैयार कर आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा गया है। पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक मूल रूप से बरला क्षेत्र के गांव ऊतरा का रहने वाला है और वर्तमान में डोरीनगर में रहता है। उन्होंने बताया कि शनिवार को आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!