रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

रेलवे रोड पर कास्मेटिक शोरूम और पंजाब एंड सिंध बैंक में लगी आग

- 8 दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

अलीगढ़। रेलवे रोड स्थित एक बैंक और कास्मेटिक शोरूम में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत इलाका पुलिस व फायर ब्रिगेड दी। घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग बुझने से पहले बैंक और शोरूम पूरी तरह से खाक हो गए। जिसके बाद लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

रविवार तड़के लगी आग, आठ दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

लोगों के अनुसार सुबह चार बजे के आस-पास बीच शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। इसमें रेलवे रोड स्थित पंजाब एंड सिंध और उसके नीचे ब्यूटी वर्ल्ड नाम से संचालित होने वाली कॉस्मेटिक की दुकान इसकी चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई और पंजाब एंड सिंघ बैंक और कास्मेटिक शोरूम इसकी चपेट में आकर जलने लगा। घटना के बाद दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन उनसे आग पर काबू नहीं पाया गया। जिसके बाद 4 गाड़ियां और मौके पर पहुंच गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तकपंजाब एंड सिंध बैंक के अंदर रखे कंप्यूटर, फर्नीचर, दस्तावेज पूरी तरह से जलकर खाक हो गए।लेकिन बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनका लॉकर पूरी तरह से सुरक्षित है और आग उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाई है। अधिकारियों की देखरेख में लॉकर को खोला जाएगा और उसे सुरक्षित किया जाएगा। इसमें किसी भी उपभोक्ता को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन बैंक की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।

वहीं बैंक और शोरूम संचालक एक दूसरे को आग लगने का कारण बता रहे हैं। बैंक अधिकारियों का कहना है कि आग शोरूम से फैली है। वहीं शोरूम संचालक यह कह रहे हैं कि आग बैंक से लगी है। बैंक अधिकारी भारती साहू ने बताया कि नीचे शोरूम में आग लगी थी, जो बढ़कर बैंक तक आ गई। जिसके कारण पूरा बैंक जलकर खाक हो गया। नुकसान का पता लगाया जा रहा है। वहीं शोरूम संचालक ने बताया कि आग बैंक में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी, जिसके कारण उनका लाखों का माल जलकर राख हो गया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!