गभाना में हुआ श्री राम जन्म भूमि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव समन्वय सम्मेलन का आयोजन
- 22 जनवरी को घर-घर दीप जलाने व हनुमान चालीसा का पाठ करने का किया आह्वान
गभाना। कस्बा के शारदा मैरिज हाेम में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में श्री राम जन्म भूमि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव समन्वय सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, संत सीताराम दास, महंत सत्यानंद व अन्य पदाधिकारियों ने भगवान राम के छवि चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर व माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता धर्मेंद्र ने 15 वीं शताब्दी से अब तक रामजन्म भूमि का इतिहास बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर के निर्माण को संघ के माध्यम से अनेकों आंदोलन चलाए गए। लाखों कार्यकर्ताओ ने रामजन्म भूमि के लिए बलिदान भी दिए। कुछ विरोधी राम जन्मभूमि पर तंज किया करते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे। अब मंदिर भी बन गया और तारीख भी निश्चित हो गई तो उनके पेट में मरोड़ उठ रही हैं।
उन्होंने कहा की हम लोग भगवान राम के 14 वर्ष वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में दीवाली मनाते हैं, लेकिन यही मायने में असली दीवाली तो 22 जनवरी को मनाई जाएगी। जब प्रभु श्री राम 500 साल बाद अपनी अयोध्या में मंदिर में विराजेंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक दिन को एक महोत्सव के रूप में मनाना हैं। इसके लिए 1 जनवरी से 15 जनवरी तक महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा। जिसमें स्वयंसेवक व स्वयंसेविकाएं टोलियां बनाकर प्रत्येक हिंदू के घर जाकर अयोध्या से आए पूजित अक्षत व भगवान की तस्वीर को भेंट कर निमंत्रण देंगे।
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को प्रत्येक घरों में कम से कम पांच-पांच दीपक जलाने के अलावा रंगोली आदि से सजाएं तथा हनुमान चालीस का पाठ जरूर करें। अपने गांवों के मंदिरों पर भी इस दिन भव्य आयोजन जरूर किए जाएं। जिससे पूरा विश्व देख सके कि भगवान अयोध्या में ही नहीं बल्कि हर घर में बिराजे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 15 जनवरी को कस्बा में रामरथ यात्रा निकाली जाएगी, जबकि प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन 45 मंदिरों पर भजन कीर्तन के साथ ही 15 स्थानों पर एलईडी के माध्यम से अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा।
इस मौके पर नीरज गुप्ता, अनिल सारस्वत, भुवनेश कुमार, देवकी नंदन पांडे, राकेश सिंह, पं. श्यामबाबू शर्मा, कन्हैया, प्रेमपाल सिंह, कुंवर अभिमन्युराज सिंह, दीपचंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, राजकुमार डिश, ज्ञानेंद्र सिंह, देवेंद्र शर्मा, अनिल प्रधान, नीतीश कुमार, रामअवतार सिंह, कुश, गौरव शर्मा, महेश शर्मा, हरीश माहेश्वरी, भुवनेश गाेयल, राजकुमार अग्रवाल, दुष्यंत सिंह, दुर्गपाल सिंह, चौ. मनवीर सिंह, सुवोध चौधरी, दीपमाला जादौन, अर्चना तिवारी, बबिता देवी, मोनिका सिंह, मीना सिंह, मानवेन्द्र सिंह, रश्मि सिंह, यशोद देवी, पूजा सिंह, उर्मिला सिंह, रजनी शर्मा आदि मौजूद रहे।