अतरौली। क्षेत्र में आवारा जानवारों का आतंक खास बढ़ता जा रहा है। आवारा जानवर न सिर्फ लोगों पर हमलाकर घायल कर रहे हैं, बल्कि जान भी ले रहे हैं। ऐसा ही मामला क्षेत्र के गांव डुकरिया वाली प्याऊ से सामने आया है। यहां एक आरा मशीन पर बैठकर अखबार पढ़ रहे मजूदर पर साड़ों ने हमला करते हुए उसके पेट को फाड़ दिया। इस दर्दनाक घटना में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजन व ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। गुस्साएं ग्रामीणों ने रोड को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने गुस्साएं ग्रामणों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए जाम को खुलवा दिया। वहीं घटना के मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
आपस में लड़ते हुए आरा मशीन में घुसे सांड
अतरौली थाना क्षेत्र के गांवगांव मोहम्मदपुर बढ़ैरा निवासी 45 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र बदन सिंह मजदूरी करते थे। वह गुरुवार दोपहर को डुकरिया वाली प्याऊ पर स्थित एक आरामशीन पर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक दो सांड लड़ पड़े। आपस में लड़ते हुए वह सांड आरा मशीन के अंदर घुस गए। सांडों को देखकर अन्य लोग वहां से भाग खड़े हुए, लेकिन अशोक का पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर पड़े। जिसके बाद सांडों ने उसके ऊपर हमला बोल दिया। सांडों की चपेट में आने के कारण सींग अशोक की गर्दन और पेट में घुस गए। जिसके कारण वह बुरी तरह से लहुलूहान हो गए और जमीन में गिरकर तड़पने लगे। आस-पास के लोगों ने जैसे-तैसे सांडों को भगाया। जब तक वह अशोक को उपचार के ले जाते उससे पहले ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुस्साएं ग्रामीणों ने रोड को किया जाम
सांडों के हमले में मजदूर अशोक की मौत के बाद परिवार और आसपास के लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने शव को रामघाट-कल्याण मार्ग पर रखकर जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक अपने परिवार का अकेला कमाने वाला था और उसके बाद परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। जबकि परिवार में पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा सीओ अतरौली अकमल खान और पूरी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने परिजनो से बातचीत की और उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं थे। काफी मान मनौव्वल के बाद परिजन माने तब जाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
आवारा गोवंशों को पकड़वाने की मांग
पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज सिंह समेत क्षेत्रीय ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में आबारा गोवंश घूम रहे हैं, जो कि किसानों की फसल को पूरी तरह से चौपट कर रहे हैं। वहीं लोगों को घायल करने के साथ ही अब जान भी ले रहे हैं। उन्होंने तहसील प्रशासन से निराश्रित गोवंशों को पकड़वाने की मांग की है।
हर संभव का दिलाई जाएगी मदद
एसडीएम ने अनिल कटियार ने कहा कि गोवंश के हमले से मृत हुए मजदूर अशोक के परिजनों को हर संभव मदद की जाएगी। वन जीवी दैवीय आपता के तहत चार लाख रुपये दिलाने के शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी साथ मंडी समिति से भी किसान निधी के तहत मदद दिलाने का प्रयास रहेगा।