संतान सुख की दवा देने का दावा कर कथित तांत्रिक ने महिला से किया दुष्कर्म
पीड़ित महिला के पति के प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट दर्ज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ क्षेत्र में एक तांत्रिक ने महिला को संतान की दवा देने के नाम पर अपनी हवस का शिकार बना लिया। पीड़ित महिला अपने पति के साथ तांत्रिक के पास गई थी। महिला को शादी के कई साल बाद भी संतान सुख नहीं मिला था। तांत्रिक ने महिला को अपने झांसे में ले लिया और संतान सुख देने की बात कही। तांत्रिक ने महिला को संतान होने के लिए दवा देने की बात कही थी। आरोपी तांत्रिक महिला की जांच करने के नाम पर कमरे में ले गया। इसके बाद जबरन दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी महिला ने पति को दी तो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। जिस तांत्रिक के पास वह अपनी पत्नी को लेकर उम्मीद के साथ आया था उसने इतना घिनौना कृत्य किया। पीड़िता के पति के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नौ वर्ष पहले हुई थी शादी
यह मामला है हरदुआगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का। एक गांव निवासी दंपत्ति की करीब नौ वर्ष पहले शादी हुई थी। शादी के इतने वर्ष बाद भी उन पर कोई संतान नहीं है। कई डाक्टर व वैद्य से इलाज कराया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पिछले दिनों दंपती को एक तांत्रिक के बारे में जानकारी हुई। दंपत्ति 18 दिसंबर को हरदुआगंज से थाना गांधीपार्क क्षेत्र के एटा चुंगी डोरीनगर निवासी तांत्रिक कमल पुत्र राजीव सिंह के पास आए। उन्होंने तांत्रिक को अपनी व्यथा सुनाई तो तांत्रिक ने संतान होने की दवा देने का दावा किया। तांत्रिक ने महिला को संतान होने की गारंटी दी तो महिला उसके झांसे में आ गई। आरोप है कि तांत्रिक जांच करने के नाम पर पति को बाहर बिठाकर महिला को अपने साथ कमरे में ले गया। बंद कमरे में आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
आरोपी तांत्रिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पीड़िता का कहना है कि तांत्रिक ने जबरन दुष्कर्म करने के बाद उसे धमकी दी थी। उससे कहा था कि यदि इस संबंध में किसी को बताया तो उसके परिवार के साथ बहुत बुरा हो जाएगा। धमकी मिलने पर महिला काफी डर गई और उसने किसी को कुछ नहीं बोला। लेकिन जब महिला अपने घर पहुंची तो पति को सच्चाई बता दी। कथित तांत्रिक की सच्चाई जानने के बाद पति ने महिला के साथ कोतवाली पहुंच गया और पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने पीड़ित पति के प्रार्थना पत्र पर तत्काल कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश शुरू कर दी थी। गुरुवार को कथित तांत्रिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में थाना हरदुआगंज प्रभारी रवि चंद्रवाल ने बताया कि पीड़ित महिला के पति ने 20 दिसंबर को प्रार्थना पत्र दिया था। तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।