ड्यूटी से लौट रहे सिपाही को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत
अलीगढ़। कोतवाली क्षेत्र में मथुरा बाईपास पर शनिवार सुबह ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार सिपाही को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
हाथरस के सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव बुर्ज घनौटी निवासी 37 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र भूरी सिंह यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। वह हाल में आगरा रोड स्थित समृद्ध सिटी में परिजनों के साथ रहते थे। उनकी तैनाती गोंडा थाना क्षेत्र मे पीआरवी 777 पर थी।
शनिवार सुबह दिनेश कुमार नाइट ड्यूटी करके बाइक से गौंडा से अलीगढ़ आ रहे थे। जैसे ही वह कोतवाली क्षेत्र में मथुरा बाईपास पर पहुंचे तभी किसी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दिनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस घायल सिपाही को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंची। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर गारद सलामी देने के बाद शव परिजनों के सौंप दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हाे गया। वह दो बच्चों के पिता थे।
विज्ञापन
