सोमना स्टेशन पार्किंग से बाइक चुराकर भाग रहा शातिर दबोचा
गभाना। सोमना रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक निजी पार्किंग से शनिवार सुबह बाइक चोरी कर भाग रहे एक शातिर चोर को ग्रामीणों ने तत्परता और सूझबूझ से दबोच लिया गया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
तहसील के पास घेराबंदी कर दबोचा
सोमना निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन के निकट ही एक निजी वाहन पार्किंग का संचालन करते हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे हमेशा की तरह पार्किंग में कई वाहन खड़े थे। इसी बीच एक संदिग्ध युवक चुपके से पार्किंग परिसर में दाखिल हुआ और वहाँ खड़ी एक मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे लेकर तेजी से भागने लगा। युवक की हड़बड़ाहट और संदिग्ध गतिविधियों को देखकर राहुल और उनके भाई को तुरंत शक हो गया। दोनों भाइयों ने बिना वक्त गंवाए शोर मचाते हुए बाइक सवार चोर का पीछा करना शुरू कर दिया। चोर को भागता देख आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने भाग रहे चोर को तहसील के समीप चारों तरफ से घेरकर बाइ समेत रंगेहाथ दबोच लिया।
बन्नादेवी क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
पकड़े जाने के बाद जब ग्रामीणों ने युवक से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम सागर पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी चौधरी होटल के पीछे सारसौल थाना बन्नादेवी, अलीगढ़ बताया। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर पहुँची पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पार्किंग संचालक की तहरीर के आधार पर आरोपी सागर के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। चोरी की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है ताकि क्षेत्र में पूर्व में हुई अन्य वाहन चोरियों का भी पता लगाया जा सके।
———–