हादसा: कार ने दिव्यांग की स्कूटी में मारी टक्कर, मां-बेटा समेत तीन घायल
लोधा। हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे के पास कार ने दिव्यांग की स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटा समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक कार को लेकर मौके से भाग गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना महुआखेड़ा के सांगवान सिटी निवासी दीपक गौड़ दिव्यांग है। वह शनिवार को स्कूटी से मां साधना शर्मा व भाई विजय गौड़ के साथ खुर्जा से अलीगढ़ लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही थार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी तीनों लोग घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। तभी चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने राहगीरों की मदद से घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया।
ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, गंभीर घायल
लोधा। हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे के पास ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जेएन मेडिकल कॉलेज के रेफर कर दिया है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार खैर थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मणगढ़ी निवासी अभय कुमार पुत्र महराज सिंह नोएडा में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार रात्रि में वह बाइक से नोएडा से अलीगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहा ट्रक उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए डिवाइडर में चढ़ गया। हादसे में अभय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर लोधा व रोरावर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। उधर हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को ट्रक के साथ हिरासत में ले लिया है।