सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
खैर। थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज है।
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि हरियाणा के पलवल के थाना सदर के गांव महेशपुर निवासी अजय पुत्र पूरन सिंह सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गौमत चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
छह दिन बीत जाने के बाद भी किशोरी का पता न लगा सकी पुलिस
अलीगढ़। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से लापता हुई किशोरी का छह दिन बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी। मामले में पीड़ित परिजनों ने किशोरी के साथ कोई अनहोनी की आशंका जताते हुए एसएसपी से मदद की गुहार लगाई है।
मंगलवार को बन्नादेवी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला की महिला ने एसएसपी कलानिधि नैथानी को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि बीती 16 जुलाई को उसकी 16 वर्षीय बेटी घर से बाजार जाने की कहकर गई थी। लेकिन वह देर शाम तक घर नहीं लौटी।
जिस पर परिजनों को चिंता सताने लगी। परिजनों से बेटी को हर संभावित स्थानों पर तलाश कर लिया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। उन्होंने पड़ौस के ही एक युवक शक जाहिर करते हुए थाना में मुकदमा भी दर्ज करा दिया, लेकिन छह दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस बेटी का कोई पता नहीं लगा सकी है।
महिला ने आरोप लगाया कि मामले में आरोपी पक्ष के लोग मुकदमा वापस लेने का दबाब बना रहे हैं। मामले में एसएसपी ने थाना प्रभारी को जल्द ही किशोरी को बरामद करने के निर्देश दिए हैं।