रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पत्रकारों के हितों की रक्षा को प्रशासन प्रतिबद्ध : जिलाधिकारी

अलीगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि पत्रकारों की स्वतंत्रता, गरिमा और कार्य की सुगमता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। वह बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में पुलिस रवैये, वीवीआईपी कार्यक्रमों में मीडिया ब्लॉक की व्यवस्था, कवरेज के दौरान समुचित सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में मीडिया ब्लॉक में आरक्षित स्थानों पर किसी अन्य का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा और पत्रकारों को पूर्ण सहयोग मिलेगा। बैठक में एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, सीओ द्वितीय कमलेश कुमार, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, दूरदर्शन संवाददाता नीरज शर्मा, एएनआई संवाददाता देवेंद्र वार्ष्णेय, प्रतीक वार्ष्णेय व ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल गोविल मौजूद रहे। सहायक निदेशक सूचना ने बताया कि पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड योजना शासन स्तर पर लागू है। साथ ही उन्होंने कहा कि अब समिति की बैठकें नियमित रूप से कराई जाएंगी। दूरदर्शन संवाददाता नीरज शर्मा और अनिल गोविल ने कवरेज के दौरान पुलिस व्यवहार को सौम्य बनाए रखने, पार्किंग व प्रवेश की जानकारी पहले देने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से कराने की मांग की। वहीं देवेंद्र वार्ष्णेय ने मीडिया ब्लॉक की अव्यवस्था का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों के अधिकारों व सम्मान की रक्षा के लिए प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!