अजना में 56 वर्षों बाद पोखर की भूमि को तहसील प्रशासन ने कराया कब्जा मुक्त
गभाना। तहसील क्षेत्र के गांव रामपुर-शाहपुर के माजरा अजना में शनिवार को तहसील प्रशासन ने पोखर की भूमि से अवैध कब्जों को हटवाते हुए जेसीबी मशीन ने खुदाई शुरू कर दी है।
नायब तहसीलदार संदीप चौधरी ने बताया कि पिछले दिनों गांव के ग्रामीणों ने पोखर की भूमि पर अवैध कब्जा होने की शिकायत एसडीएम केबी सिंह से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को उन्होंने नायब तहसीलदार अजेंद्र तौमर व राजस्व टीम के साथ गांव में पहुंच कर जांच की। जांच में पाया कि गांव में गाटा संख्या 6 व 8 में करीब 22 बीघा जमीन सरकारी अभिलेखों में पोखर के रूप में दर्ज है। जबकि उक्त भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। उन्होंने बताया कि 1966 में चकबंदी के बाद से पोखर नहीं खोदी जा सकी है। जिस पर टीम ने उक्त भूमि की पैमाइश व चिन्हाकंन करने के साथ ही अवैध कब्जों को हटवा दिया। उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीन की मदद से अमृत योजना के अंतर्गत पोखर की खुदाई शुरू करा दी गई है। वहीं टीम की कार्रवाई से कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया। नायब तहसीलदार ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अवैध कब्जों के खिलाफ टीम की लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान टीम में लेखपाल मुकेश कुमार, गोपी पांडे, कौशलेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

थाना पर एसडीएम ने सुनी फरियादियों की फरियाद
गभाना। थाना परिसर में शनिवार को एसडीएम केबी सिंह की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उनके समक्ष जमीनी विवाद से जुड़े सात शिकायती प्रार्थन पत्र आए। जिसमें से मौके पर चार शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष बची शिकायतों को राजस्व व पुलिस टीम गठित कर एक सप्ताह के अंदर गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण के निर्देश के साथ सौंप दिया गया। इस दौरान एसडीएम ने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस, संपूर्ण समाधान दिवस, मुख्यमंत्री पोर्टल, आईजीआरएस समेत अन्य पटलों से आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समय से निस्तारण कराया जाए, साथ ही शिकायतकर्ता से वार्ता करके उसे संतुष्ट भी कराया जाए। जिससे शिकायतकर्ता बार-बार अन्य पटलों पर शिकायतें नकरे। सभी अधिकारी व कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। जन समस्या से जुड़े मामलों में जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम मुकेंद्र कुमार, एसएसआई केपी सिंह, रवि वर्मा, अमित कुमार, हरेंद्र सिंह, अनिल कुमार, लेखपालभानू प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह, रेशमपाल सिंह, होमदत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।