अज्ञात वाहन से टकराया लोडर टेंपो, एक युवक की मौत, भाई गंभीर घायल
अलीगढ़। टप्पल थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार देर रात में लोडर टेंपो अज्ञात वाहन से टकरा गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी के थाना किशनी के गांव नगला रामजीत निवासी राजीव कुमार पुत्र जगदीश कुमार नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। परिजनों के अनुसार रविवार रात्रि में वह मैनपुरी से मौसेरे भाई अवनीश के साथ एक लोडर टेंपों में बैठकर नोएडा जा रहे थे। तभी टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के प्वांइट 56 के पास टेंपो किसी वाहन से टकरा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जेवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने 35 वर्षीय राजीव कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि मौसेरे भाई का इलाज जारी है। हादसे की सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक एक बेटा के पिता थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। उधर हादसे के बाद आरोपी लोडर टेंपो चालक मौके से फरार हो गया।