कक्षा 09-10 व कक्षा 11-12 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति के लिए संशोधित समय सारणी जारी
अलीगढ़। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुनहरी लाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जिले के मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं में कक्षा 09-10 व कक्षा 11-12 में अध्ययनरत समस्त वर्गों के छात्र-छात्राओं को सूचित किया है कि शासन द्वारा संशोधित समय-सारणी के अनुसार छात्रवृत्ति वितरण के लिए शैक्षिक सत्र 2025-26 में 02 अक्टूबर 2025 तिथि निर्धारित की गयी है।
उन्होंने जिले में संचालित शिक्षण संस्थाओं में कक्षा 09-10 व कक्षा 11-12 में अध्ययनरत छात्रवृत्ति के लिए पात्र छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति के लिए अंतिम तिथि 31.08.2025 तक अधिक से अधिक संख्या में आवेदन पत्र जनसेवा केन्द्र आदि के माध्यम से भराकर उसकी हार्डकापी सम्बन्धित विद्यालय में जमा करें, जिससे कि दिनांक 02 अक्टूबर 2025 को अधिक संख्या में छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत लाभान्वित किया जा सकें। उक्त योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश/समय सारणी https://scholarship.up.gov.in बेबसाइट पर प्रदर्शित है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग कमरा न0 7 विकास भवन में सम्पर्क कर सकते हैं।
——
14 अगस्त को आहुत होने वाली समन्वय बैठक अब 18 अगस्त को
अलीगढ़। अपर जिला जज, पूर्णकालीन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिन श्रीवास्तव बताया है कि माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार और जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनुपम कुमार के दिशा निर्देशन में 13 सितम्बर शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, अलीगढ, बाह्य स्थित न्यायालयों में एवं तहसील स्तर पर किया जाना है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों, विभागों में लम्बित विभिन्न प्रकृति के मामलों (जैसे फौजदारी के शमनीय वाद, धारा 138 एनआईएक्ट, धन वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम वाद, विद्युत अधिनियम एवं जलकर से सम्बन्धित वाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक वाद, भूमि अर्जन वाद, सेवा सम्बन्धित वाद अन्य दीवानी वाद, अन्य प्रकृति के वाद जो न्यायालयों में लम्बित हो, के अतिरिक्त पारिवारिक, वैवाहिक विवादों के प्रीलिटिगेशन मामलों तथा प्रीलिटिगेशन स्तर पर विभिन्न बैंको, वित्तीय संस्थाओं एवं विभागों में लम्बित, प्रीलिटिगेशन स्तर के मामलों का भी निस्तारण आपसी सुलह समझौता के आधार पर किया जाना है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की भव्य सफलता के लिए 14 अगस्त को आहुत होने वाली समन्वय बैठक अब 18 अगस्त को सायं 04ः30 बजे से विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट)/नोडल अधिकारी, अलीगढ़ के विश्राम कक्ष में आहूत की गई है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि बैठक में समय से उपस्थित होने का कष्ट करें।