AMU- सर सैयद डे पर रात्रि भोज में खाना खाकर छात्राओं की बिगड़ी तबीयत
– बेगम अजीजुन निशा हाल की छात्राएं हुई फूड प्वांइजनिंग का शिकार
– एफएसडीए की टीम ने खाद्य सामग्री के लिए सैंपल, AMU प्रशासन ने प्रोवोस्ट प्रोफेसर को हटाया
अलीगढ़। AMU में मंगलवार को सर सैयद डे का आयोजन किया गया। इस दौरान बेगम अजीजुल निशा हाल में भी रात्रि भोज का आयोजन किया गया था।
खाना खाने के बाद चार सौ से ज्यादा छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। घटना से AMU प्रशासन में हड़कंप मच गया आनन फानन में छात्राओं को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मंगलवार को गुलिस्तान-ए-सयैद में सर सयैद डे के बाद रात को दावत दी गई, जिसमें हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों ने शिरकत की। दावत खाने के बाद बेगम अजीजुन निशा हाल की छात्राओं को देर रात्रि में करीब दो बजे पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।
जानकारी पर AMU प्रशासन में हड़कंप मच गया। छात्राओं को आनन-फानन में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां पर छात्राओं को उपचार किया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद सभी को वापस हॉल भेज दिया गया। AMU प्रशासन की ओर से कुलपति, डीएसडब्ल्यू, कुलसचिव, प्रॉक्टर आदि ने मेडिकल टीम के साथ मेडिकल कॉलेज जाकर स्थिति का आंकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मामले में तीन सदस्यीय समिति का गठन कर जांच कराई जा रही है।
FSDA की टीम ने लिए खाद्य सामग्री के आठ नमूने
अजीजुल निशा हॉल में सर सैयद डे को लेकर हुई पार्टी में खाना खाने से छात्राओं के फूड प्वाइजनिंग हो जाने पर बुधवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) की टीम ने पहुंचकर खाद्य सामग्री के आठ नमूने संग्रहित कर उन्हें जांच को भेजा है।
सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी – 2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग की सूचना पर टीम ने मौके पर जाकर हल्दी, धनिया, मिर्च पाउडर, चने की दाल, मसूड़ की दाल, शाही टोस्ट, मटर बिरयानी, चिकिन कोरमा, शाही टुकड़ा समेत कुल आठ नमूने संग्रहित किए गए हैं।
जिन्हें जांच को प्रयोगशाला में भेजा गया है। जिसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर किस खाद्य पदार्थ में खराबी आने की वजह से फूड प्वाइजनिंग हुई है। टीम में ACM-I हीरा लाल सैनी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी त्रिभुवन नारायण, श्वेता चक्रवती, जवाहर लाल, शिव नाथ, प्रियेश कुमार आदि शामिल रहे।
AMU प्रशासन ने प्रोवोस्ट प्रोफेसर को हटाया
अजीजुल निशा हॉल में खाना खाने से हुई फूड प्वाइजनिंग की घटना को AMU प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रोवोस्ट प्रोफेसर सुबुही खान को हटाया गया है। उनके स्थान पर प्रोफेसर आसिया चौधरी को नाया प्रोवोस्ट नियुक्त किया है।