रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना : नेशनल हाईवे पर बाइक से गिरकर वृद्धा की मौत, परिवार में कोहराम

गभाना। नेशनल हाईवे (34) पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अपने मायके से बाइक पर लौट रही एक 62 वर्षीय वृद्ध महिला अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्धा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

भतीजे के साथ लौट रही थीं घर

जानकारी के अनुसार, गोरना रसीदपुर निवासी चुन्नीलाल की 62 वर्षीय पत्नी पाना देवी कुछ दिन पहले विजयगढ़ के गांव खंडवार स्थित अपने मायके गई हुई थीं। सोमवार शाम को उनका भतीजा अर्जुन पुत्र प्रताप सिंह उन्हें बाइक से वापस उनके गांव छोड़ने आ रहा था।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

जैसे ही बाइक गभाना में नेशनल हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंची तभी पाना देवी अचानक चलती बाइक से सीधे सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत टोल एंबुलेंस की मदद से घायल वृद्धा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया

पाना देवी अपने पीछे पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। इस अचानक हुई अनहोनी के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!