रिश्वत लेते हुए दारोगा को एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ दबोचा, मुकदमा दर्ज
- मुकदमा में धारा हटाने के नाम पर लिए थे 10 हजार रुपये
अलीगढ़। थाना गांधीपार्क में तैनात एक दारोगा को मुकदमा में धारा हटाने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। मामले में एंटी करप्शन टीम की ओर से सिविल लाइन थाना में भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी दारोगा को रविवार को मेरठ स्थित एंटी करप्शन कोर्ट में हाजिर किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार भोपतपुर गडराना निवासी विक्रम सिंह उर्फ विकास ने पिछले दिनों थाना गांधीपार्क में मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा था कि वह कमालपुर चौराहा स्थित न्यू गुरु गोरखनाथ अस्पताल का संचालक है।
उसने गांधीपार्क क्षेत्र के एक युवक के भाई को दो लाख 20 हजार रुपये दिए थे। युवक ने रुपये लौटाने का वादा किया था। लेकिन वह रुपये वापस नहीं कर रहा था। 13 जून को उनके अस्पताल में रामायण पाठ के बाद प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। तभी तभी आरोपी युवक व उसके भाई ने उसके साथ मारपीट करते हुए अस्पताल के शीशे तक तोड़ दिए। साथ में अस्पताल खाली कराने की धमकी दी। इस झगड़े में उसके गले की चेन व अंगूठी गिर गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अमानत में खयानत, मारपीट, धमकी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जिसकी विवेचना थाने में तैनात दारोगा रामबिरेश यादव कर रहा था। आरोप है कि दरोगा रामबिरेश ने मुकदमे में से अमानत में खयानत की धारा हटाने के नाम पर आरोपी पक्ष से 10 हजार रुपये मांगे और रुपये न देने पर धाराओं को बिना हटाए जेल भेजने की धमकी दी।
जिस पर शिकायतकर्ता उदयप्रताप सिंह निवासी कमालपुर ने हाल में ही छेरत में बने एंटी करप्शन थाना पर दारोगा के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई। शनिवार को एंटी करप्शन यूनिट ने आगरा से भी इंस्पेक्टर को बुला लिया।
योजना के तहत एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को रुपये लेकर दारोगा द्वारा बुलाए गए सांगवान सिटी स्थित उसके किराए के घर भेजा। दोपहर को घर के दरवाजे पर दारोगा को युवक के हाथों से रुपये लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम दारोगा को सिविल लाइन थाना लेकर पहुंची और पूछताछ की गई।
मामले में आगरा इकाई के इंस्पेक्टर राजकिशोर की ओर से दारोगा रामबिरेश के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर एंटी करप्शन देवेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को आरोपी दारोगा को मेरठ स्थित एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीओ थर्ड अशोक कुमार ने बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा दारोगा रामबिरेश यादव को रंगे हाथों रिश्वत लेने मामले में गिरफ्तार करने के बाद एसएसपी कलानिधि नैथानी ने निलंबित कर दिया है।