टैंकर से कार टकराई, चालक की मौत
लोधा। हाईवे पर ताजपुर-रसूलपुर के पास कार आगे चल रहे टैंकर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद जुबेर पुत्र हाजी अब्दुल शमीम हाल में बन्नादेवी क्षेत्र के बापूधाम कॉलोनी में रहकर पशुओं का कारोबार करते थे। गुरुवार दोपहर को वह कार से खेरेश्वर चौराहे से होते हुए किसी मीट फैक्टरी में जा रहे थे। तभी ताजपुर-रसूलपुर के पास उनकी आगे चल रहे टैंकर से टकराते हुए अनियंत्रित होकर पलटा खाते हुए डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक को कार बाहर निकलवाकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों से उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 