स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रक्तदान कर बने महादानी
इगलास में जेएन मेडिकल की ब्लड बैंक के लिए होगा रक्तदान
इगलास। दैनिक जागरण समाचार पत्र अपने सामाजिक सरोकारों के लिए जाना जाता है। जागरण समूह व सहयोग एक सामाजिक पहल सेवा संस्था के संयुक्त तत्वाधान में जरूरतमंदों के सहयोग की पहल की गई है। इसी कड़ी में नगर के अलीगढ़ मार्ग स्थित ओम सेलिब्रेशन में 10 सितंबर, दिन रविवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में जेएन मेडिकल कालेज की ब्लड बैंक टीम रक्तदान कराएगी। ब्लड बैंक के वरिष्ठ परामर्शदाता डा. सोहेल अब्बास ने बताया कि 18 से 65 वर्ष की आयु के स्वस्थ व्यक्ति जिसका वजन 45 किलो से ऊपर हो, वह रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। रक्तदान करने से स्वास्थ्य अच्छा होता है। इसलिए इस शिविर में भाग लेकर रक्तदान जरूर करें। संस्था के अध्यक्ष अजय जैसवाल ने बताया कि रक्तदानियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।