जच्चा-बच्चा की हुई मौत, परिजनों ने अस्पातल पर जमकर किया हंगामा
अलीगढ। थाना रोरावर क्षेत्र में नादा चाैराहे पर स्थित एक अस्पातल पर जच्चा-बच्चा की मौत हो जाने पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर कई थानों की पुलिस व आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। तब कहीं जाकर परिजन जज्जा-बच्चा के शवों को लेकर चले गए।
मिली जानकारी के अनुसार बन्नादेवी थाना क्षेत्र के नगला कलार निवासी राजा की 23 वर्षीय पत्नी अंजली गर्भवती थी। दो दिन पूर्व अंजली को समस्या हुई तो परिजन उसे नादा चौराहे स्थित एक अस्पताल दिखाने पहुंचे। परिजनों के अनुसार डाक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया और आठ माह की गर्भवती होने बाद भी उसका ऑपरेशन कर प्रसव करा दिया।
मंगलवार को जच्चा बच्चा को हालत बिगड़ने लगी तो अस्पताल के स्टाफकर्मियों ने उसे अन्य अस्पताल में भेज दिया। जहां पर बुधवार शाम को दोनों की मौत हो गई। परिजन दोनों के शवों को लेकर अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने स्टाफकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शवों को अस्पताल के गेट पर जमकर हंगामा करने लगे।
परिजन अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। हंगामा होता देख अस्पातल में एक महिला डॉक्टर को छोड़कर पूरा स्टाफकर्मी मौके से फरार हो गए। सूचना पर रोरावर, बन्नादेवी थाना पुलिस के अलावा अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझाते-बुझाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर परिजन शांत होकर जच्चा-बच्चा के शवों को लेकर घर चले गए।