रक्तदान कर बनिए किसी के जीवन का जरिया
इगलास में दैनिक जागरण व सहयोग का रक्तदान शिविर कल
इगलास। रक्तदान जीवनदान है। रक्तदान कई जिंदगियों को बचाता है। इस बात का अहसास तब होता है, जब हमारा कोई अपना खून के लिए जिंदगी और मौत के बीच जूझता है। आप का एक यूनिट रक्तदान तीन जरूरतमंदों की जान बचा सकता है। इसलिए रक्तदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें ताकि हर जरूरतमंद की जान बचाई जा सके। रविवार को कस्बा के ओम सेलिब्रेशन में दैनिक जागरण व सहयोग एक सामाजिक पहल संगठन के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष अजय जैसवाल ने बताया कि शिविर सुबह 10 बजे से आरंभ होगा और अपराह्न दो बजे तक चलेगा। शिविर में रक्तदाताओं को प्रतीक चिन्ह व सम्मान पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
जेएन मेडिकल हास्पिटल ब्लड बैंक की सीएमओ डा. स्मृति प्रसाद ने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति 65 वर्ष की आयु तक रक्तदान कर सकता है। प्रत्येक तीन महीने में एक बार और वर्ष में चार बार रक्तदान किया जा सकता है। रक्तदान करने से मानव शरीर को कई लाभ होते हैं। यह दिल के दौरे को रोकता है, रक्तचाप नियंत्रित करता है, रक्त में कोलेस्ट्राल का स्तर नीचे जाता है, मोटापा भी कम होता है।