रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना में हाईवे पर बाइकों की हुई भिड़ंत, एक युवक की हुई मौत

गभाना। नेशनल हाईवे पर गांव चूहरपुर तिराहे के पास दो बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के गांव सावटू, भोरा कलां निवासी सोनपाल सिंह का 24 वर्षीय सबसे छोटा बेटा अंकित गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार की देर रात में वह अपने गांव के ही साथी हिमांशू पुत्र हरेंद्र सिंह के साथ बाइक से किसी काम से अलीगढ़ जा रहा था। बाइक को हरेंद्र चला रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर चूहरपुर तिराहे के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्राॅली से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया, जबकि हिमांशु का उपचार जारी है। सूचना पाकर परिजन भी अलीगढ़ पहुंच गए। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बेहाल हो गया। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। मामले में मृतक के पिता सोनपाल ने दूसरी बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हैं।

घर में घुसकर दो युवकों को मारपीट कर किया घायल
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव ग्वालरा में नामजदों ने घर में घुसकर दो भाईयों को मारपीट कर घायल कर दिया। मामले में पीड़ित ने गांव के ही दो युवकों को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्वालरा गांव निवासी राजेश पुत्र रामप्रसाद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीती 4 अगस्त की शाम को उसके भाई बृजेश कुमार घर में खाना खा रहे थे। तभी पड़ोस के प्रदीप व कृष्णा घर में आ गए और शराब के लिए जबरन रुपये मांगने लगे। आरोप है कि भाई के मना करने पर उक्त लोगों ने जान से मारने की नीयत से तमंचा से फायर कर दिया जिसमें वह बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने भाई के चाकू से सिर पर वार कर दिया घायल कर दिया। बीच-बचाव में जब वह आया तो तमंचा की वट मारकर उसे भी घायल दिया। आरोप है आरोपी फायरिंग करते हुए व जान से मारने धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

कार की टक्कर से युवक की हुई मौत
अलीगढ़। थाना जवां क्षेत्र में अनूपशहर रोड पर कार ने बाइक सवार काे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के थाना अनूपशहर के गांव लक्षिमपुर निवासी 22 वर्षीय भुवनेश पुत्र प्यारेलाल मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार भुवनेश बुधवार को बाइक से अलीगढ़ के देवी नगला से डिबाई दौराहा जा रहा था। तभी जवां क्षेत्र में अनूपशहर रोड पर कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। राहगीरों ने घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया। सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उपचार के दौरान देर रात्रि में भुवनेश ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!