मैक्स की टक्कर से घायल बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत
गभाना। क्षेत्र के गांव वीरपुरा में सोमना-खैर मार्ग पर हीरापुर पुल पर चार दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
वीरपुरा निवासी 35 वर्षीय विजय सिंह उर्फ रिंकू पुत्र देवी प्रसाद राज मिस्त्री का काम करते थे। बीती पांच जनवरी को बाइक से सोमना से गांव लौट रहे थे। तभी सोमना-खैर मार्ग पर गांव वीरपुरा के समीप हीरापुर पुल के पास सामने से दूध की कैन लेकर आ रही मैक्स गाड़ी उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जबकि विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर मंगलवार सुबह उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बच्चों को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।