भाकियू नेताओं ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
इगलास। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए निस्तारण किए जाने की मांग की है। उन्होंने पेसवा राजा महेंद्र प्रताप सिंह को भारत रत्न देने की मांग की। अतरौली से बनने वाली नई तहसील का मुख्यालय छर्रा बनाए जाने, धरणीधर तीर्थ को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने संबंधी मांग रखी। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह, करुआ, कुंवर एनपी सिंह आर्य, गिर्राज स्वामी आदि थे।
युवती को भगाकर ले गया पड़ोसी युवक
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति का कहना है कि उसकी 20 वर्षीय पुत्री 23 नवंबर की रात्रि से घर से गायब है। उसने रेलवे स्टेशन से लेकर सभी रिश्तेदारियों में बेटी की तलाश की। इस दौरान उसे जानकारी हुई कि बेटी को गांव का ही अजय चौधरी अपनी बहन रमा के सहयोग से भगाकर ले गया है। वह युवक के पिता संतोष सिंह के पास शिकायत लेकर पहुंचा तो उसके साथ गाली गलौज की गई। पुलिस ने घटना के संबंध में प्राथमिकी पंजीकृत की है।
अवैध तमंचा के साथ पकड़ा युवक
इगलास। कोतवाली पुलिस ने अलीगढ़-मथुरा रोड से सासनी रोड को जाने वाले कच्चे मार्ग से एक युवक को पकड़ा था। युवक से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपित रोहित उर्फ गुलजार पुत्र गजेंद्र सिंह निवासी कैमावली के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत करके जेल भेजा है।