रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कैडेट्स को मिला अनुशासन, नेतृत्व और करियर निर्माण का प्रशिक्षण

इगलास। मंगलायतन विश्वविद्यालय में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-42) में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स का प्रशिक्षण अब व्यापक रूप ले चुका है। अलीगढ़ की 8 यूपी बटालियन द्वारा आयोजित इस शिविर में कैडेट्स को सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न आयामों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। छटवें दिन सभी कैडेट्स का बायोमेट्रिक पंजीकरण किया गया। इस डिजिटल प्रक्रिया से प्रशिक्षण की पारदर्शिता और प्रमाणन की प्रक्रिया सरल हो सकेगी।

शिविर में इस वर्ष से एक नई पहल के रूप में अग्निवीर भर्ती और सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) साक्षात्कार की विशेष तैयारी कक्षाएं शुरू की गई हैं। इनमें सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाएं, व्यक्तित्व विकास, समूह चर्चा और शारीरिक दक्षता जैसे विषयों में गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बाहरी विशेषज्ञ शिक्षक इन विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से समझा रहे हैं। कैंप कमांडेंट कर्नल अजय लूंबा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि यह केवल प्रशिक्षण नहीं, एक मिशन है जो देश को अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ युवा नेतृत्व देगा। उन्होंने बताया कि आठ जुलाई से अंतर समूह प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया आरंभ होगी। इसमें ड्रिल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नेतृत्व क्षमता और निशानेबाजी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स का चयन किया जाएगा। शिविर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता सत्र भी हुआ। जिसमें यातायात के सब इंस्पेक्टर जय सिंह ने ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी और कैडेट्स ने आजीवन उनका पालन करने की शपथ ली। कैडेट्स को टेंट पिचिंग का अभ्यास भी कराया गया। इस अवसर पर सूबेदार मेजर धर्मेंद्र सिंह, लेफ्टीनेंट सतीश कुमार, अमान उल्ला खान, एनसीसी अधिकारी पंकज कुमार, भगवान सिंह, राकेश कुमार आदि थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!