विज्ञान दिवस पर बच्चों ने प्रस्तुत किए मॉडल
इगलास। परोपकार सामाजिक सेवा संस्था द्वारा सत्य कृष्णांजलि पब्लिक स्कूल में प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डा. राजेंद्र प्रसाद को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया था। अध्यक्ष जतन चौधरी ने कहा कि राजेंद्र प्रसाद सरलता और सादगी की प्रतिमूर्ति थे। उन्हें हिंदी भाषा के अनन्य पुजारी के रूप में भी स्मरण किया जाता है। प्रबंधक देवेंद्र कुमार सिकरवार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि 1928 में आज ही के दिन सस्ते और सरल उपकरणों की सहायता से प्रकाश की किरणों को लेकर भारतीय विज्ञानी सर सीवी रमन ने ‘रमन प्रभाव’ का सिद्धांत दिया था। रमन का मानना था विज्ञान का सार उपकरण नहीं बल्कि स्वतंत्र सोच और अथक परिश्रम है। इस अवसर पर लवी, महिमा, आन्या, निधि,चेतन, डिम्पल, चारू, डौली, लक्ष्मी, तन्वी, महिमा, रितिका, गुंजन, राधिका आदि थे।

वहीं कस्बा बेसवां के पहल पब्लिक स्कूल में विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के विज्ञान से संबंधित माडल एवं पोस्टर प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावकों ने स्कूल में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विज्ञान प्रदर्शनी में प्रस्तुत माडल की प्रशंसा करते हुए अतिथियों ने कहा कि स्कूल का यह कदम विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि को बढ़ाने वाला है। निदेशक नंदकिशोर वर्मा ने कहा कि हमें विज्ञान के प्रति अपनी सोच को प्रोत्साहित करने का संकल्प लेना चाहिए। दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व के बारे में सभी का जागरूक होना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर निशा चतुर्वेदी, शिवानी शर्मा, दीपिका चौधरी, नंदनी वर्मा, देव कुमार आदि थे।