होटल पर हुआ विवाद, गभाना में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या
- हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास देर रात पीछा करते पहुंचे बाइक पर सवार हमलावरों ने मारी गोली, अनियंत्रित होकर पलटने से बची स्कॉर्पियो कार, दो नामजद समेत सात पर हत्या का मुकदमा दर्ज
अलीगढ़। गभाना थाना क्षेत्र के हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात स्कॉर्पियो कार में सवार जवां थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। भोलू पर विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमें दर्ज थे। भोलू जिले के चर्चित बसपा नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर धर्मेंद्र चौधरी हत्याकांड में भी आरोपी था। हालांकि कोर्ट ने उसे बरी कर दिया था। हत्या के पीछे लोधा क्षेत्र के खेरेश्वर -चिकावटी पर खुले एक रेस्टोरेंट के उद्घाटन समारोह में हुए विवाद को माना जा रहा है। हालांकि पुलिस इसकी पड़ताल करने के साथ ही विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर दो नामजद और अज्ञात समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें से एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जबकि दूसरे नामजद समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सर्विलांस समेत तीन टीमें तलाश में जुटी हुई हैं।
थाना जवां क्षेत्र के गढ़िया भोजपुर निवासी भोलू ठाकुर उर्फ भोलू उर्फ सुनील (38) पुत्र सत्यपाल सिंह रविवार को थाना लोधा के खेरेश्वर स्थित एक रेस्टोरेंट के उद्घाटन के कार्यक्रम में गांव के संजीव कुमार, अपने दोस्त सुनील निवासी तेजपुर आदि के साथ स्कॉर्पियो कार से शामिल होने गया था। भोलू ठाकुर का चार-पांच दिन पहले पंकज नाम के एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रेस्टोरेंट के उद्घाटन समारोह में पंकज भी अपने साथियों के साथ शामिल हुआ। जहां फिर से पंकज और भोलू ठाकुर के बीच कहासुनी हुई। जहां पंकज, चंद्रवीर आदि युवकों ने भोलू ठाकुर के साथ मारपीट कर दी और स्कॉर्पियो कार के शीशे भी तोड़ डाले। किसी तरह लोगों ने बीच-बचाव कराया और भोलू ठाकुर को घर भेज दिया।
घर जाते में रास्ते में घेरकर गोली मारी
भोलू ठाकुर दोस्त सुनील कुमार के साथ गभाना बरौली रोड होते हुए अपने गांव जा रहे थे। रात करीब 11 बजे पीछा करते हुए बाइक सवारों ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास भोलू ठाकुर की कार को रुकवा लिया। भोलू ठाकुर ने खतरा भांप कर भागने का प्रयास किया इसी दौरान उसे हमलावरों ने गोली मार दी। गोली बाएं कंधे से सीने में जा घुसी और मौके पर ही भोलू ठाकुर ने दम तोड़ दिया।
पहले सड़क हादसा समझा, फिर चला हत्या का पता
गोली चलने की आवाज सुनकर शोर-शराबे पर आसपास के लोग आ गए। पहले लोगों ने इसे सड़क हादसा समझा और एंबुलेंस को मौके पर ही बुला लिया। इलाका पुलिस भी मौके पर आ गई। जांच पड़ताल की तो पता चला कि भोलू ठाकुर को सीने में गोली लगी है। पुलिस ने घटना के बारे में कार में सवार भोलू ठाकुर के साथी सुनील कुमार से जानकारी ली तो वह घटना के बारे में कुछ नहीं बता सका। कभी वह बाइक सवारों के पीछा कर गोली मारने की बात करता रहा तो कभी इधर उधर की बातें करता रहा। शक के आधार पर पुलिस ने सुनील को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
हाईवे पर हत्या की खबर से पुलिस के होश उड़े
अलीगढ़ -गाजियाबाद एक्सप्रेस वे के हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास देर रात हुई हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर की हत्या की वारदात को लेकर पुलिस के होश उड़ गए। इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश चंद्र उत्तम, क्षेत्राधिकारी गभाना सुमन कनौजिया, समेत विभिन्न थानों की पुलिस, सर्विलांस, फॉरेंसिक आदि टीमें पहुंच गई। जांच पड़ताल के दौरान कार में कारतूस का एक खोखा बरामद हुआ है। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद यह भी साफ हुआ है कि भोलू ठाकुर को काफी नजदीक से गोली मारी गई है। पुलिस दोस्त सुनील के अनुसार बताए गए घटनाक्रम के अनुसार इस पर भी जांच कर रही है कि हमलावरों ने दाएं साइड में जब भोलू ठाकुर को रोका तो उसे बायीं साइड में गोली कैसे लगी ? फॉरेंसिक टीम ने इसको लेकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। जिनका गहनता से परीक्षण किया जा रहा है।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या की वारदात के बाद पुलिस की तीन टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है। रिलायंस पेट्रोल पंप, कोल्ड स्टोर एवं रेस्टोरेंट और इलाके भर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
भोलू ठाकुर की खुली है हिस्ट्रीसीट
मूल रूप से भोलू ठाकुर जवां क्षेत्र के गढ़िया भोजपुर का रहने वाला है, लेकिन लंबे समय से आपराधिक क्षेत्र में काफी चर्चित रहा है। भोलू ठाकुर का नाम बसपा नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर धर्मेंद्र चौधरी हत्याकांड में भी सामने आया था। इसमें पिछले दिनों अदालत से उसे बरी कर दिया गया था। इसके अलावा विभिन्न थानों में उसके खिलाफ करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं। थाना जवां में बकायदा उसकी हिस्ट्रीसीट भी खुली हुई है।
दो नामजद एवं अज्ञात समेत सात पर दर्ज हुआ मुकदमा
एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि भोलू ठाकुर के भाई राहुल कुमार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पंकज कुमार और चंद्रवीर निवासी ग्वालरा, थाना गभाना को नामजद करते हुए चार- पांच अज्ञात खिलाफ हत्या, एक राय होकर मारपीट एवं जानलेवा हमले और स्कॉर्पियो कार को क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा दर्ज कराया है। जिनमें से एक आरोपी चंद्रवीर पुत्र पुष्पेंद्र निवासी गवालरा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। भोलू ठाकुर के दोस्त सुनील कुमार से भी पूछताछ जारी है। मुख्य आरोपी पंकज कुमार अभी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हुई है। इस वारदात में अन्य लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
कैमरे की निगरानी में पोस्टमार्टम
पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच कैमरे की निगरानी में हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर का डॉक्टरों के पैनल के जरिए पोस्टमार्टम करा रही है। पोस्टमार्टम से पहले शव का एक्सरा भी कराया गया है। पोस्टमार्टम पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा । घटना को लेकर एहतियातन भोजपुर गढ़िया में पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। जहां अंतिम संस्कार होगा।
वर्जन
हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर की हत्या पुरानी रंजिश और होटल पर हुए विवाद के चलते हुई है। परिजनों की ओर से दो नामजद समेत चार- पांच अज्ञात समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिसमें से एक आरोपी चंद्रवीर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले में पुलिस अपने स्तर से हरेक बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस की तीन टीमें हत्या के कारणों को खोजने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है, जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
-कलानिधि नैथानी, एसएसपी अलीगढ़