बाबा को भारी पड़ा ब्वॉयफ्रेंड से बात करने से रोकना, चचेरी बहनों ने दे दी जान
- बरला क्षेत्र के फजलपुर की घटना, ब्वॉयफ्रेंड पर आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार
अलीगढ़। जिले के बरला थाना क्षेत्र के गांव फजलपुर में रविवार को घर में अपने ब्वॉयफ्रेंड से चोरी -छिपे बात कर रही दो चचेरी बहनों को बाबा द्वारा मोबाइल फोन छीन लेना इस कदर नगवार गुजरा कि दोनों ने मौत को गले लगा लिया। इस मामले ब्वॉयफ्रेंड के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी देहात पलाश बंसल के अनुसार बरला क्षेत्र के गांव फजलपुर निवासी एक व्यक्ति के साथ उनकी दो नातिन भी रहती थीं। दोनों की उम्र 16 से 17 साल के बीच थी। दादा को दोनों लड़कियों के पास से एक मोबाइल फोन मिला था। जिससे दोनों बहनें चोरी-छिपे अपने एक ब्वॉयफ्रेंड से बातचीत करती थीं। बाबा ने कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों के ब्वॉयफ्रेंड से बातचीत करने की बात सामने आयी। जिस पर बाबा ने उन्हें फटकार लगाने के साथ ही उनसे मोबाइल फोन भी छीन लिया।
यह बात दोनों बहनों को नागवार गुजरी। बाबा के घर से बाहर चले जाने पर उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया और आत्महत्या कर ली। बाबा एवं परिजनों के वापस आने पर उन्होंने आवाज लगायी, लेकिन कोई जबाव न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलते ही दोनों के शव फंदे पर झूलते मिले। एसपी देहात ने बताया कि परिनों की शिकायत पर ब्वॉयफ्रेंड के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी गांव से फरार है, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।