रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

मुस्लिम परिवार ने कराई श्रीमद्भागवत कथा, भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

चंडौस। गंगा-जमुनी तहजीब की एक अनुपम झलक क्षेत्र के गांव थानपुर में देखने को मिली। यहां एक मुस्लिम परिवार ने न केवल पूरी श्रद्धा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया, बल्कि समापन पर विशाल भंडारे के जरिए सामाजिक एकता का अनूठा संदेश भी दिया।

भक्ति और भाईचारे का संगम

गांव थानपुर निवासी अजीत खान पुत्र लियाकत खान द्वारा आयोजित इस सात दिवसीय कथा ने क्षेत्र में चर्चा बटोरी। सोमवार को सुबह विधि-विधान के साथ हवन-पूजन कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पवित्र अग्नि में आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कथा के दौरान प्रतिदिन उमड़ने वाली भीड़ और गूंजते भक्तिमय भजनों ने यह साबित कर दिया कि आस्था और श्रद्धा की कोई दीवार नहीं होती।

विशाल भंडारे में सभी वर्गों ने चखा प्रसाद

कथा की पूर्णाहूति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में जाति और धर्म के बंधन पीछे छूट गए। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता को बढ़ावा देना था, जिसमें ग्रामीण पूरी तरह सफल रहे।

प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति

इस सद्भावना पूर्ण आयोजन में धनंजय सिंह, किशन पाल सिंह, अजीत प्रधान, देववृत सिंह, वीरपाल सिंह, प्रमोद कुमार बाल्यान, सत्यपाल सिंह, चौधरी बृजेश सिंह, सुधीर कुमार शर्मा, भगवंत सिंह, ललुआ प्रधान, अनीश खान, शरीफ खान, नजीर खान, गुलजार खां सहित दिनेश कुमार, भरत सिंह, देवेंद्र सिंह, रंजीत सिंह और रिंकू सिंह आदि का सहयोग रहा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!