गभाना क्षेत्र में रेलवे लाइन पर मिला कानपुर के युवक का शव
गभाना। दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर पैराई ओवरब्रिज के पास गुरुवार को कानपुर के एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। युवक के जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान हो सकी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाने के साथ ही सूचना परिजनों को दे दी है।
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह के अनुसार गुरुवार सुबह पैराई ओवरब्रिज के पास दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा जीआरपी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई, लेकिन पहचान न हो सकी।
मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान कानपुर नगर के थाना बर्रा के यादव मार्केट निवासी 43 वर्षीय सुनील कुमार कुशवाह पुत्र नारायण कुशवाह के रूप में हो गई है। उसके पास से एक दिन पुरानी कानपुर के रूरा स्टेशन से अलीगढ़ तक यात्रा की रेल टिकट भी मिली है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को फोन पर सूचना दे दी गई है, परिजन अलीगढ़ के लिए चल दिए हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया है।