शिव विवाह में भक्त हुए भावविभोर
इगलास। कस्बा की पंडितान गली स्थित श्री रामेश्वरम देव मंदिर में चल रहे 11 दिवसीय बाल गणेश महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को संगीतमय शिव विवाह का भव्य आयोजन हुआ। भगवान शिव की बारात में शिव, राधा-कृष्ण, गणेश आदि की मनोहर झांकियों की प्रस्तुति विशेष कलाकारों ने दी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और बाजों की थाप के बीच भगवान शिव नंदी पर सवार होकर दक्ष प्रजापति के द्वार पहुंचे। इस दौरान मंदिर प्रांगण में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी। कथावाचक पंडित कुमार भारद्वाज व पंडित ज्ञानेंद्र शास्त्री ने मधुर वाणी में शिवचरित्र और शिवलोक की कथाओं का रसपान कराया। उन्होंने कहा कि शिव स्वरूप के दर्शन करने वाला भक्त अपने सभी कष्टों से मुक्त होता है। संगीतमय विवाह के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में झूम उठे और भगवान के रूपों का दर्शन कर आनंदित हुए। बाल व्यास प्रिया शरण उपाध्याय ने कथावाचकों को पटका व प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विजय भारद्वाज, प्रवीण उपाध्याय, शुभम शर्मा, पुष्पेंद्र, यश भारद्वाज, ध्रुव उपाध्याय का विशेष सहयोग रहा।