रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

श्री राधा अष्टमी पर श्री मुरलीवाला की रसोई में किया भोजन

इगलास। श्री राधा अष्टमी के पावन अवसर पर कस्बा इगलास में समाजसेवा की अद्भुत मिसाल पेश की गई। श्री मुरलीवाला युवा सेवा समिति (रोटी बैंक) की ओर से कस्बा के मुख्य चौराहे पर “श्री मुरलीवाला की रसोई” का आयोजन किया गया। आयोजन के तहत शाम को सैकड़ों जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।

समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग से लगभग 300 लोगों ने स्वादिष्ट प्रसाद रूपी भोजन ग्रहण किया। भोजन वितरण के दौरान माहौल भक्ति और सेवा की भावना से सराबोर रहा। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष शिवकुमार सोनी ने कहा हमारी समिति का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों का पेट भरना ही नहीं, बल्कि उन्हें यह एहसास कराना भी है कि त्योहार की खुशियों में वे अकेले नहीं हैं। समाज का हर व्यक्ति उनका अपना है। राधा अष्टमी जैसे पावन अवसर पर सेवा करना ही सच्ची भक्ति है। वहीं समिति के सक्रिय सदस्य डा. लव मित्तल ने बताया श्री मुरलीवाला की रसोई हमारी लगातार चलने वाली सेवा गतिविधियों का हिस्सा है। हर बड़े पर्व और खास अवसर पर हम कोशिश करेंगे कि कोई भी भूखा न सोए। आने वाले समय में इस सेवा को और व्यापक रूप देने की योजना है। भोजन सेवा में विपिन वशिष्ठ, सुनील शर्मा, हरीश अग्रवाल, रामगोपाल सिंह, शिवा हलवाई सहित कई स्थानीय युवाओं का विशेष योगदान रहा। समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कस्बा वासियों ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सहयोग, संवेदना और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!