रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

स्वर्ण-रजत हिंडोला में विराजे ठा. बांकेबिहारी, अद्भुत छटा देखने को उमड़ा भक्तो का जनसैलाव

रॉयल स्टार डेस्क।  हरियाली तीज का पूर्व पूरे देश में शनिवार को बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान ब्रज के मंदिरों में हिंडोला उत्सव शुरू हो गया। बांके बिहारी जी के मंदिर में जन-जन के आराध्य ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। स्वर्ण-रजत निर्मित और चित्ताकर्षक सुगंधित पुष्पों से सुसज्जित हिंडोले में विरजमान बांके बिहारी के दर्शन करने को हर भक्त की आंख आतुर नजर आ रही थी।बताया जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण को श्रावण मास सबसे प्रिय है। इस मास में वह अपनी सखी-सहेलियों के साथ झूला झूलते थे। जिसके बाद ब्रज के सभी मंदिरों में ठाकुरजी के श्री विग्रह को झूला झुलाया जाता है। जिसे हिंडोला उत्सव कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास भी बिहारीजी को 5 सौ साल पहले फूल-पत्ती और कपड़े से निर्मित झूले में झूलाते थे, लेकिन बदले परिवेश में अब भक्त उन्हें स्वर्ण-रजत निर्मित भव्य हिंडोले में झूला झुलाते है।

शनिवार को हरियाली तीज पर प्रातःकाल ठाकुर जी बांके बिहारी लाल को मंदिर के गर्भ-गृह से बाहर निकालकर करीब 32 फुट चौड़े व 12 फुट ऊंचे विशाल स्वर्ण- रजत हिंडोले में विराजमान कराया गया। बांके बिहारी जी के अलभ्य दर्शन, सजल मेघ कांति लिए चमकते नुकीले नयन, हृदय को चीर देने वाले इन नयनों में गहराई और चमक ऐसी कि सागर भी समा जाए और आकाश भी। जो भी ठाकुर जी के सामने आया, इनका हो गया।हरे रंग की चांदी के बूटों से जड़ित पोशाक धारण कर विलक्षण श्रृंगार, कसी हुई हरियाली पाग मोतियों से जड़ी, ऊपर टिपारा, सिरपेच, तुर्रा और कलंगी, सब कुछ अद्भुत। हीरे और जवाहारात की चमक, मानो स्वयं कांति ने खुद को न्यौछावर करने की ठानी हो। कानों में कुंडल और मुरली की मुद्रा चित्त को आंदोलित कर रही थी। वक्षस्थल पर झूलते हुए पुष्पाहार, पीछे इकलाई में सिमटी हुई प्रियाजी। दोनों की अद्भुत जोड़ी को अपलक देखते निकट बैठे स्वामी हरिदास जी महाराज। हाथ में तानपूरे की लय ही संगीत दिखायी दी। भक्तों ने भी प्रेम और आस्था के इस समंदर में ठाकुरजी को झोंटे देकर जमकर झुलाया।

हरियाली तीज की भोर से ही श्रद्धालुओं के कदम बांकेबिहारी मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। कभी हल्की बौछार तो कभी हल्की धूप, भक्तों को राहत देने वाला मौसम और आराध्य की एक झलक पाने की लालसा भक्तों को मंदिर की ओर ले जा रही थी। मंदिर के अंदर और बाजार का इलाका पूरी तरह भक्तों की संख्या से गुलजार था। बांकेबिहारी के जायकारे और सावन की मल्हार सुबह से ही तीर्थनगरी के वातावरण में गूंजती रही। वहीं श्रद्धालुओं के अपार सैलाब को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए वह भी भक्तों की आस्था के आगे ना कमजोर नजर आए।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!