दहेज लोभियों ने महिला के साथ की मारपीट, देवर ने की छेड़छाड़
गभाना। थाना क्षेत्र की एक गांव की महिला ने दहेज में प्लाट व दो लाख रुपये न मिलने पर ससुरालीजनों पर मारपीट व देवर द्वारा छेड़छाड़ कर देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसएसपी कलनािधि नैथानी के आदेश पर एक गांव की महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पिता ने उसकी शादी 2014 में कोठी लंकाराम, थाना बन्नादेवी अलीगढ़ निवासी विनोद पुत्र तेजसिंह के साथ अपने सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर की थी। शादी में दहेज से ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। वह शादी के कुछ दिनों बाद ही दहेज में अतिरिक्त शहर में 100 गज का प्लाट व दो लाख रुपये देने की मांग करते हुए शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। जिस पर उसने पिता की असर्मथता को बताया, लेकिन वह नहीं माने।
उस पर वर्तमान में तीन बच्चे भी है। बीती 24 जुलाई रात्रि में ससुरालीजनों ने उसे कमरे में बंद कर लिया और अर्धनग्न कर मारपीट करने। आरोप है कि सास ने पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया, जबकि देवर ने भी उसके कपड़े फाड़ डाले और अश्लील हरकर करने लगा।
मारपीट में उसका कान का पर्दा भी फट गया। शोर-शराबा पर आस-पड़ौस के लोगों ने आकर उसे बचाया, और मायका भिजवाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह पिता के साथ शिकायत लेकर बन्नादेवी थाना पहुंची तो पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की और टरका दिया। इंस्पेक्टर गभाना रामकुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति विनोद, सास देवकी, ससुर तेजसिंह, जेठ दीपक, देवर मौंटू, व ननद पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में जांच में जुटी है।
जीजा-साले की बाइक में मारी टक्कर, साला घायल
गभाना। नेशनल हाईवे पर कन्होई कट के पास अलीगढ़ कोर्ट में एक केस की पैरवी कर गाजियाबाद लौट रहे जीजा-साले की बाइक में नामजद लोगों ने टक्कर मार दी। जिसमें साला घायल हाे गया।
मैनपुरी के थाना भोगांव के गांव औरंध व हाल निवासी महरौली, गजियाबाद के वैभव उर्फ मोनू ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने मुस्लिम लड़की से शादी की है। गुरुवार को वह साले दानिश कुरेशी निवासी मानसरोवर कॉलोनी थाना वेवसिटी, गाजियाबाद के साथ बाइक से अलीगढ़ कोर्ट में मुकदमे की पैरवी के वकील से मुलाकात करने के लिए अलीगढ़ आए थे। जहां से दोनों गाजियाबाद लौट रहे थे।
तभी हाईवे पर कन्होई मोड़ के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया और गाली गलौज करने लगे। बाइक सवार दोनों युवक उसके साले बारिश की हत्या करने वाले जुबेर के पिता इस्लाम व भाई मुन्ना थे। हादसे में उसके साले दानिश के काफी चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।