बसेरा में महिला की आत्महत्या मामले में दहेज हत्या का मुकदमा, पुलिस ने आरोपी सास को भेजा जेल
पिसावा। थाना क्षेत्र के गांव बसेरा में रविवार को पति से विवाद होने पर महिला द्वारा फंदे पर लटकर आत्महत्या के मामले में मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव फंदे पर लटका देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में मृतका की सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि रविवार को बसेरा गांव में श्याम सिंह का पत्नी प्रीति से गैस सिलेंडर को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात पर प्रीती ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
मामले में इगलास के गांव बक्सा निवासी हरकेश पुत्र भीकंबर ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बहन प्रीती की करीब पांच साल पहले बसेरा निवासी श्याम सिंह पुत्र लालाराम के साथ खूब दान दहेज देकर की थी। शादी में मिले दहेज से बहन के ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज में अतिरिक्त बुलट की मांग करते हुए बहन का शारीरिक व मानसिक शोषण करते थे। रविवार को बहन के पति श्याम सिंह, सास पुष्पा, ससुर लालाराम, जेठ विनीत आदि ने हत्या का शव फांसी के फंदे पर लटका दिया। इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर मृतका की सास पुष्पा देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं मृतका के मायका पक्ष के लोग सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर अपने साथ गांव ले गए।