श्री मुरलीवाला की रसोई में पांच रुपये में भरपेट भोजन का उठाया लुत्फ
इगलास। श्री मुरलीवाला युवा सेवा समिति रोटी बैंक की अनूठी पहल श्री मुरलीवाला की रसोई में पांच रुपये में भरपेट भोजन का लोगों ने लुत्फ उठाया। रविवार को रसोई की व्यवस्था कस्बा राया निवासी भगवती वर्मा ने अपनी बेटी अंजलि वर्मा के जन्मदिन पर की थी।
संस्था के लव मित्तल ने बताया कि जरूरतमंदों को भोजन कराने के लिए इस पहल की शुरुआत की गई है। लोग सादी की वर्षगांठ, जन्मदिन या पुण्यतिथि पर इस रसोई के माध्यम से भोजन में अपना योगदान या अंशदान कर जरूरतमंदों को भोजन करवा सकते हैं। विशाल उपाध्याय ने बताया कि पांच रुपये सिर्फ सहयोग राशि के रुप में लिए जा रहे हैं। बिना रुपयों के भी यहां भरपेट भोजन उपलब्ध है। अतिन अग्रवाल का कहना है कि पांच रुपये में स्वादिष्ट भोजन मन को तृप्त करता है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष शिवकुमार सोनी, शिवा हलवाई, विमल पाठक का विशेष सहयोग रहा।
