चाय पीने गए किसान को चाकू मारकर किया घायल
मीट फैक्टरी में सीसीटीवी फुटेज देखने से पुलिस को रोका
लोधा। थाना रोरावर क्षेत्र के गांव अमरपुर कोंडला पर एक मीट फैक्टरी के बाहर खोखे पर चाय पीने गए किसान के साथ फैक्टरी में कार्यरत कर्मचारियों ने मारपीट करते हुए चाकू मारकर घायल कर दिया। सूचना पर भाकियू भानू गुट के पदाधिकारियों ने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंमागा किया। पुलिस जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने के मीट फैक्टरी में जाने लगी तो उसे भी रोक दिया गया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार अमरपुर कोंडला निवासी मनीष कुमार पुत्र कुशलपाल गुरुवार शाम को एक मीट फैक्टरी के सामने अपने खेतों में पानी लगाने गए थे। तभी वह फैक्टरी के बाहर खोखा पर चाय पीने के लिए चले गए। खोखा पर पहले से 8-10 फैक्टरी के कर्मचारी बैठे थे। जैसे ही मनीष चाय बनाने के लिए खोखा वाले को बोला, तभी वहां बैठे लोगों ने किसी और को चाय न देने की बात खोखा संचालक से कही। जैसे ही मनीष ने कहा कि उसे खेत पर जाना है, पहले चाय मुझे दे दो। आरोप है कि फैक्टरी के कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू मारकर घायल कर दिया। किसान के साथ मारपीट की जानकारी पर भाकियू के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के लिए फैक्टरी के अंदर जाने लगी तो उसे भी काफी देर तक रोक लिया गया। पुलिस टीम जब सख्ती से पेश आई तब अंदर जाने दिया। इतना ही नहीं मीडियाकर्मियों को भी फैक्टरी में नहीं घुसने दिया। पुलिस ने घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।