खेत पर पानी लगाने गए किसान की करंट की चपेट में आकर मौत
अतरौली। क्षेत्र के गांव राजमार्गपुर के माजरा पौपी नगला में खेतों पर पानी लगाने गए किसान की नलकूप चलाने के दौरान करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव राजमार्गपुर के माजरा पौपी नगला निवासी 60 वर्षीय नेम सिंह किसान थे। परिजनों के अनुसार सोमवार रात्रि में वह धान की फसल में पानी लगाने के लिए खेतों पर गए थे। जहां पर नलकूप चलाने के दौरान करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजन जब खेतों पर पहुंचे तो उन्हें नलकूप के पास अचेत अवस्था में पाकर उनके होश उड़ गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में कस्बा स्थित सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं हादसे के बाद परिजनों को रो-रोकर हाल बेहाल है।