गभाना तहसील शिकायतों के निस्तारण में चाैथी बार प्रदेश में रही प्रथम
पिछले चार महीने से बनी हुई है लगातार अब्बल, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में मिले शत -प्रतिशत नंबर
गभाना। जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) हेल्पलाइन से की जाने वाली सुनवाई में पिछले तीन महीनों की तरह इस बार भी शिकायतों के निस्तारण में गभाना तहसील प्रदेश भर में पहले स्थान पर रही है, वहीं इगलास तहसील भी प्रदेश में इस बार अब्बल रही।
दोनों तहसील को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए 100 फीसद नंबर मिले हैं। इसी तरह शिकायतों के निस्तारण में अलीगढ़ जनपद को प्रदेश में 13 वां स्थान प्राप्त मिला है। जून माह में अलीगढ़ जनपद 14 वें स्थान पर रहा था। जुलाई माह में एक अंक की छलांग लगाते हुए रैंक 13वें स्थान पर पहुंच गया है। यह दूसरा मौका है जब अलीगढ़ जनपद शिकायतों के निस्तारण में टॉप 20 में पहुंचा है।
आईजीआरएस में आने वाली शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद गंभीर हैं। आईजीआरएस निस्तारण में जनपद की खराब हो रही स्थिति को लेकर डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने पिछले दिनों समीक्षा के दौरान बेहद सख्ती दिखाई थी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को चेतावनी एवं प्रतिकूल प्रविष्टी दी गई थी। इसके बाद जनपद की रैंक में सुधार हुआ है।
मंडल के ही जनपद कासगंज 30, एटा 46 तथा हाथरस को 53 वीं रैंक मिली है। इसी तरह अलीगढ़ मंडल में जनपद अलीगढ़ पहले, प्रदेश में तहसील गभाना व इगलास अब्बल एवं खैर तहसील सबसे फिसड्डी 75 वें स्थान पर रही।
जिले की गभाना तहसील ने माह अप्रैल, मई, जून के बाद जुलाई माह में भी शिकायतों का बेहतर निस्तारण करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाया है। एसडीएम गभाना केबी सिंह ने इसका श्रेय डीएम इंद्र विक्रम सिंह के कुशल प्रशासनिक मार्गदर्शन एवं टीम की अथक मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस निस्तारण की भांति ही अन्य कार्यक्रमों व शासनस्तर से चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं के संचालन में भी इसी प्रकार आगे रहते हुए तहसील एवं जनपद का नाम रोशन करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंग।