कालाबाजारी को लेकर खाद-बीज विक्रेताओं ने बंद रखी दुकानें
इगलास। कस्बा में शुक्रवार को खाद व बीज विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद रखी। विक्रेताओं ने इस निर्णय के पीछे थोक विक्रेताओं द्वारा कालाबाजारी करके अधिक दाम पर खाद देने और साथ में अनावश्यक उत्पाद (लगेज) थोपे जाने की समस्या को प्रमुख कारण बताया। इस संबंध में विक्रेताओं ने रमन अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर बैठक करके समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि यूरिया, डीएपी जैसी आवश्यक खादें थोक में अधिक मूल्य पर दी जा रही हैं, साथ ही अन्य उत्पाद जबरन साथ में लेने को बाध्य किया जा रहा है। इसके चलते उन्हें न केवल घाटा उठाना पड़ रहा है, बल्कि किसान भी असंतुष्ट हो रहे हैं। विक्रेताओं का कहना है कि अधिकारियों द्वारा किसान बही के अनुसार ही खाद वितरण के निर्देश दिए गए हैं, जबकि किसान अपनी आवश्यकतानुसार खाद की मांग करता है। जब किसान को अधिक कीमत पर खाद मिलती है या अनचाहा सामान थोपकर दिया जाता है तो वह विरोध करते हैं। ऐसे में दुकानदारों पर प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाती है, जिससे व्यवसाय संचालन कठिन हो गया है। विक्रेताओं ने समस्या के समाधान की मांग की है। शनिवार को भी वह दुकानों बंद रखेंगे। एक प्रतिनिधिमंडल डीएम को ज्ञापन सौंपेगा। बैठक में संतोष पाराशर, महेश, नीटू अग्रवाल, भूपेंद्र शर्मा, अमित चौधरी, कपिल वाष्र्णेय, हरि बंसल, अतुल बंसल आदि थे।