भीषण भिंड़ंत में टैंकर व ट्रक में लगी आग, दोनों वाहनों के चालक जिंदा जले
– जवां में नायरा पेट्रोल पंप के पास देर रात हुआ हादसा,
-कई घंटों की मशक्कत के बाद शवाें को निकाला जा सका बाहर
अलीगढ़। थाना जवां क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सोमवार रात्रि में टैंकर और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में भयंकर आग लग गई। जिससे गाड़ियों में सवार चालकों को बाहर निकलने तक का समय नहीं मिला और मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाकर दोनों वाहनों के चालकों के शव को बाहर निकाला।
नगोला के पास नायरा पेट्रोल पंप के पास हुआ दर्दनाक हादसा
अलीगढ़ मुरादाबाद नेशनल हाईवे-509 पर गांव नगौला पर नायरा पेट्रोल पंप के समीप देर रात्रि में करीब डेढ़ बजे जवां की तरफ से अलीगढ़ की तरफ जा रहे बंद बाड़ी टैंकर की सामने से आ रहे बदरपुर से ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्सों के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहनों में आग लग गई। वहां मौजूद कुछ समझ पाते उससे पूर्व ही दोनों वाहन धूं-धूंकर जलने लगे। इस दौरान आग में दोनों वाहनों में चालक फंसे रह गए और मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना के वाहन हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।
चार घंटे की मशक्कत के बाद तीन दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
हादसे की जानकारी मिलते ही इलाका पुलिस के अलावा दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची गई। दमकल कर्मियों ने करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक व टैंकर में लगी आग को बुझाया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों गाड़ियों से चालकों के शवों को बाहर निकालकर उन्हें मोर्चरी में भिजवाया।
गाड़ी नंबरों के आधार पर हो सकी मृतकों की शिनाख्त
पुलिस ने ट्रक व कैंटर गाडियों के नंबरों के आधार पर मलिकों से संपर्क किया। जिसके बाद ट्रक चालक की शिनाख्त इगलास के गांव मई निवासी श्याम बिहारी पुत्र साहब सिंह, कैंटर चालक की हरविंदर सिंह पुत्र दिलीप सिंह निवासी क्रीमचा,डेरा बगिया,थाना मिलख (रामपुर) के रूप में हुई। घटना की जानकारी पाकर परिजन भी अलीगढ़ पहुंच गए। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।