शराब की 88 बोतल के साथ चार लोंगों को किया गिरफ्तार
- हरियाणा से शराब खरीदकर बिहार में करते थे सप्लाई
अलीगढ़। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को जीआरपी व आरपीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शराब की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी शराब की 88 बोतल बरामद हुई हैं। आरोपियों ने बताया कि बताया कि वह हरियाणा से सस्ते मूल्यों में शराब खरीदकर बिहार में महंगे दामों में बेचते थे। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
जीआरपी थाना प्रभारी समय बहादुर सिंह ने बताया कि गुरुवार को वह टीम के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। तभी प्लेटफाॅर्म तीन के पास चार संदिग्ध युवक दिखाई पड़े। पुछताछ में उन्होंने अपने नाम प्रिंस शर्मा पुत्र अशोक शर्मा, राजेश कुमार पुत्र बच्चा सिंह, अभिषेक कुमार पुत्र राकेश सिंह व रियाजुद्दीन आलम पुत्र करीमन निवासीगण जनपद मोतीहारी, बिहार बताया। जामा तलाशी में चारों के कब्जे से अंग्रेजी शराब 88 बोतल बरामद हुई।
उन्होंने पुलिस पूछताछ में बताया कि बिहार में लंबे समय से शराब बंद है, जिसके चलते वहां चोरी छुपे शराब की बिक्री की जाती है। वह हरियाणा से सस्ते दामों पर शराब खरीदते थे और फिर इसे बिहार जाकर महंगे दामों पर बेंचते थे। जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता है और इसी से वह अपने परिवार का भरण पोषण भी करते हैं। आरोपियों ने बताया कि वह काफी समय से ऐसा कर रहे हैं और ट्रेन के जरिए शराब खरीदकर बिहार जाते हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पकड़ने वाली टीम में
एसएसआई जीआरपी अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल शहजाद खां, सुशील कुमार, नवीन कुमार, जितेंद्र नागर, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, आरपीएफ से एएसआई रणवीर सिंह, क्राइम विंग एएसआई भारत भूषण और हेड कांस्टेबल बलवीर शामिल रहे।